सद्गुरु धाम द्वारा कंबल वितरण सेवा अभियान

मकर संक्रांति के पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए 15 तारीख को सद्गुरु धाम द्वारा एक भव्य कंबल वितरण सेवा अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-पूजन के साथ हुई, जिसमें विश्व कल्याण और मानव सेवा का संकल्प लिया गया। इसके पश्चात जरूरतमंद बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या सद्गुरु धाम परिसर में एकत्र हुई। परम पूज्य सद्गुरु स्वामी कृष्णानंद जी महाराज ने स्वयं अपने करकमलों से कंबल वितरित कर सभी को स्नेह, सुरक्षा और आशीर्वाद प्रदान किया। कंबल पाकर लोगों के चेहरों पर दिखी मुस्कान इस सेवा कार्य की सच्ची सफलता थी। इसके बाद भव्य लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यह सेवा अभियान दिल्ली के नांगलोई सद्गुरु धाम आश्रम सहित दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सभी सद्गुरु धाम आश्रमों में एक साथ संपन्न हुआ और मानवता की मिसाल बना।

जालंधर में कंबल वितरण सेवा अभियान

कड़ाके की ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से सद्विप्र समाज सेवा द्वारा जालंधर में 151 कंबलों का वितरण किया गया। यह सेवा अभियान लक्ष्मी नारायण मंदिर, मॉडल हाउस के बाहर संपन्न हुआ, जिसमें मंदिर समिति का विशेष सहयोग रहा। परम पूज्य सद्गुरु स्वामी कृष्णानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों को स्नेह, सुरक्षा और सम्मान की अनुभूति कराई गई। इस कार्यक्रम में जसकरण सिंह, संदीप साहनी, दिनेश शर्मा, विकास, जतिंदर शर्मा सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।

मौनी अमावस्या पर सेवा एवं साधना कार्यक्रम – चंडीगढ़ और पटियाला

बीती 18 तारीख को मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर चंडीगढ़ के प्राचीन माता कांसादेवी मंदिर, कांसल में शिव कीर्तन, ध्यान साधना एवं जरूरतमंदों को कंबल वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह आयोजन Valuable Community Chandigarh एवं Global Youth Federation के सहयोग से किया गया। वहीं पटियाला स्थित सद्गुरु धाम आश्रम में प्रधान जी की सरपरस्ती में 70 जरूरतमंदों को कंबल दान किए गए तथा मिठाई वितरण भी किया गया। इस अवसर पर पाठ, पूजा, यज्ञ, आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ। संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, सेवा और समर्पण से ओत-प्रोत रहा।